Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 29 Nov 2021 8:30 am IST


पिथौरागढ़ नगर में पटरी से उतरी यातायात व्यवस्था


पिथौरागढ़: नगर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। आए दिन लग रहे जाम से लोग परेशान हैं। रविवार को अवकाश के दिन भी नगर में जाम की समस्या बनी रही। जाम के चलते जहां वाहनों की रफ्तार थम गई, वहीं लोगों का पैदल चलना तक दूभर हो गया। जाम की समस्या से निजात नहीं मिलने पर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। साथ ही स्थानीय लोगों में भी गुस्सा व्याप्त है।

रविवार की दोपहर करीब दो बजे से नगर के कालेज रोड में पांडेय गांव के पास सड़क के दोनों ओर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से जाम की समस्या पैदा हो गई। हालांकि पुलिस की ओर नगर में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के लिए दिन निर्धारित किए गए हैं। जिसके आधार पर एक दिन दाएं व दूसरे दिन बाएं ओर सड़क किनारे वाहन पार्किंग किए जाते हैं, लेकिन रविवार को यह नियम लागू नहीं रहता है। जिस कारण रविवार को पांडेगांव के पास सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहे। इस बीच बड़े वाहनों के गुजरने से यहां जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों का पैदल चलना तक दूभर हो गया। इस बीच यातायात उपनिरीक्षक दरबान सिंह मेहता ने यातायात कर्मियों को मौके पर भेजा। करीब 45 मिनट बाद बमुश्किल से जाम खुल सका। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।