Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 8 Sep 2021 7:38 am IST

राजनीति

लोकायुक्त के मुद्दे पर भाजपा की घेराबंदी के लिए कांग्रेस तैयार


विधानसभा चुनाव में लोकायुक्त का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है। 2017 के चुनाव में इस मुद्दे को लेकर मुखर भाजपा को अब कांग्रेस से चुनौती मिलना तय है। साढ़े चार साल के कार्यकाल में इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाले रही भाजपा सरकार की कमजोर नस को दबाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस अपने चुनावी घोषणापत्र में भी इस मुद्दे को जगह देने जा रही है।
प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में मौजूद भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस बेहद सधे अंदाज में रणनीतिक तैयारियों को अंजाम दे रही है। पिछले चुनाव में सत्तारूढ़ रही कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने जिन चुनावी मुद्दों को धार दी थी, इन्हीं मुद्दों को लेकर अब कांग्रेस मुखर है। इनमें एक प्रमुख मुद्दा लोकायुक्त का है। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में सरकार बनते ही 100 दिन में लोकायुक्त के गठन का वायदा किया था। अगले चुनाव में छह महीने से कम वक्त बचा है, लेकिन लोकायुक्त विधेयक अब भी कानून की शक्ल नहीं ले पाया है।