Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 10 Sep 2022 8:00 am IST

राजनीति

2024 की जंग के लिए भाजपा ने तय किए 'सेनापति', जानिए विपक्ष की प्‍लानिंग


नई दिल्‍ली: भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए 15 राज्यों में अपने नए प्रभारियों और सह प्रभारियों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने तय नामों की सूची पर मुहर लगाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष ने छह सितंबर को 144 लोकसभा सीटों पर पार्टी को और मजबूत करने को लेकर केंद्रीय मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान इन सीटों को जीतने की रणनीति तैयार की गई। ये वे सीटें हैं, जिनपर भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में दूसरे या तीसरे स्थान पर रह गई थी या जिन पर वह कभी जीत दर्ज नहीं कर सकी थी।


विपक्षी दलों का प्‍लान

वहीं, दूसरी ओर एनडीए से नाता तोड़कर महागठबंधन में वापसी करने वाले बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने मिशन-2024 का बीड़ा उठा लिया है। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्षी एकता की कोशिश में जुटे नीतीश ने बीते दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान 10 विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की थी। विपक्षी दलों ने नीतीश की कोशिशों का समर्थन भी किया और पूरा सहयोग का वादा भी किया। विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात के बाद उन्‍होंने कहा था कि वह सभी को 2024 के चुनाव के लिए एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।

अपने दिल्ली प्रवास के पहले दिन नीतीश कुमार सोमवार को सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिले और फिर जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी से मिले। दूसरे दिन यानी मंगलवार को नीतीश ने सीपीएम महासचिव सीताराम यचुरी और सीपीआई के महासचिव डी राजा से मुलाकात की। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके पिता मुलायम सिंह यादव से और फिर इनेलो के ओम प्रकाश चौटाला से मिले। उसी दिन दिल्ली में आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और अपने पुराने दोस्‍त शरद यादव से भी मिले।