Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 29 Nov 2022 10:51 am IST


उत्तराखंड मौसम अपडेट : पहाड़ों में पाला और मैदान में कोहरा बढाएगा ठंड


देहरादून :  प्रदेश में आने वाले दो दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। पहाड़ों में पाला और मैदान में अधिकतर स्थानों पर कोहरा व धुंध छा सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 18 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर रह सकता है। तापमान का यह बड़ा अंतर स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदायक माना जाता है। सोमवार को मैदान से पहाड़ तक चटख धूप खिली रही। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में दोपहर दो बजे से ढाई बजे के बीच हल्के बादल छाए, हालांकि तीन बजे आसमान फिर साफ हो गया।पौड़ी, नैनीताल, मुक्तेश्वर व मसूरी में सुबह के समय सड़कों पर पाला पड़ रहा है। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल धीमा है। जिससे आने वाले दो दिनों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों में कहीं-कहीं सामान्य से अधिक पाला पड़ने और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरा पड़ने की संभावना है।