पिथौरागढ़: सीमांत जिला बॉक्सिंग का गढ़ है। जिले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बॉक्सर दिए हैं। भविष्य में भी सीमांत जिला बॉक्सिंग की नर्सरी बनेगा। यह बात खेल मंत्री रेखा आर्या ने कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में बॉक्सिंग की मेजबानी करना सीमांत जिले के लिए गौरव की बात है। खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचकर यहां बने बहुउद्देशीय हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अब खिलाड़ियों का युग आ चुका है। खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य की कोई चिंता नहीं करनी है। प्रदेश में खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिली है जो प्रदेश के हर व्यक्ति के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय खेलों को सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा, इसकी तैयारी पूरी है। सीमांत जिले में बॉक्सिंग प्रतियोगिता होगी। इस जिले ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर दिए हैं। राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी से बॉक्सरों को प्रोत्साहन मिलेगा। कहा निश्चित तौर पर सीमांत जिला बॉक्सरों की नर्सरी के तौर पर पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि देश ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने में जुटा है, इसमें सफलता मिलेगी। इस दौरान उन्होंने स्पोर्ट्स कॉलेज को जोड़ने के लिए बन रही सड़का का कार्य जल्द खत्म करने के साथ ही अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, दायित्वधारी गणेश भंडारी, भगवान कार्की सहित कई लोग मौजूद रहे।