Read in App


• Mon, 19 Jul 2021 1:40 pm IST


वन, पुलिस समेत कई सामाजिक संस्थाओं ने लगाए पौधे


हरेला पर्व पर वन विभाग ने कोदिमा में विभिन्न प्रजाति के दो हजार पौधे लगाए। विभाग इस सप्ताह 20 हजार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण में ग्रामीणों के साथ संयुक्त रूप से काम करेगा। जिले में सामाजिक संस्थाओं के साथ शिक्षण संस्थाओं व महिला और युवक मंगल दलों ने भी वृहद पौधरोपण किया है। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने रिलायंस फाउंडेशन व ग्रामीणों के साथ आंवला, कचनार और बांज के 1200 पौधे लगाए। इसके अलावा अन्य प्रजाति के आठ सौ अन्य पौधे भी रोपे गए। डीएफओ वैभव कुमार ने ग्रामीणों से कहा कि पौधों के संरक्षण में सभी का सहयोग जरूरी है। पुलिस कर्मचारियों व उनके परिजनों ने हरेला पर्व के शुभारंभ पर संयुक्त रूप से पौधे लगाए। इधर, समलौंण सामाजिक संस्था ने समाजसेवी व कोविड-19 से बचाव के लिए पीएम केयर फंड में अपनी वर्षभर की पूंजी 10 लाख रुपये देने वाली देवकी भंडारी के साथ पौधरोपण किया। संस्था के कमल जोशी ने बताया कि रुद्रप्रयाग के कोटेश्वर, अमसारी, उमरानारायण मंदिर, बेलणी में अशोक, आंवला, आम, अमरूद के 100 पौधे रोपे गए। वहीं, गढ़माटी संगठन ने भी विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया। इसके अलावा पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि, डिग्री कॉलेज रुद्रप्रयाग व जखोली सहित संस्कृत महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में भी छात्र-छात्राओं ने फलदार, सजावटी व छायादार पौधों का रोपण किया। दूसरी तरफ गांवों में भी महिला व युवक मंगल दलों ने संयुक्त रूप से बंजर भूमि पर विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया।