Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 24 Feb 2023 3:46 pm IST

राजनीति

नोएडा: अखिलेश यादव बोले- सूट-बूट वालों बचो, क्या जाने भाजपा वाले एमओयू करवा दें


नोएडा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को नोएडा में भाजपा सरकार को महंगाई और जातीय जनगणना के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि मैं विधानसभा का सत्र छोड़कर आया हूं। राज्यपाल का अभिभाषण भी आपने सुना और पढ़ा होगा। भाजपा वाले जाने कहां से रटकर आ गए हैं वन ट्रिलियन इकोनॉमी। मुख्‍यमंत्री से लेकर नेताओं से पूछे कि कैसे? मैं नहीं समझता हूं कि ये हो सकता है। जापान, अमेरिका, अर्जेंटीना, न जाने कहां-कहां गए। हमें लगा कुछ लाएंगे। अभी पता चला कि न वो कुछ लेने गए थे, न देने। वो सिर्फ निमंत्रण देने गए थे।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई तो ये है कि कोट-सूट किसी को पहने देख लिया, उससे भी MoU करवा लिया। मुझे खुशी है कि इस मंच पर कोई ऐसा नहीं है, जिससे ये लोग एमओयू करवा लें। सूट-बूट वाला भीड़ में भी कोई नहीं है। बच के रहो, भाजपा वालों से क्या जाने एक एमओयू आपसे ही करवा लें।


आम चीजों के पूछे दाम   

उन्‍होंने कहा कि ये न धान के दाम दे पाए। जो आलू पैदा हुआ, न उसके दाम दे पाए हैं। जो भी किसान पैदा कर रहा है, वो घाटे में जा रहा है। किसानों की आमदनी दोगुनी नहीं हुई। नोएडा में इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि इतनी महंगाई मैं नहीं समझता हूं कि किसी ने देखी होगी। बताओ नोएडा वालों....। भीड़ से आवाज आई कि नहीं देखी। आज बताओ चावल के दाम क्या हैं? राजकुमार भाटी आप बताओ?

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि विभाग बता रहा है कि 31 रुपये किलो है। आटा बताओ, तूर दाल कितने की हो गई। सरकार वाले 100 रुपये की बता रहे हैं। मूंग, मूंगफली और उड़द का तेल क्या हिसाब बिक रहा है? तेल में पॉम ऑयल मिला रहे हैं, ख्याल रखना। ये भी गड़बड़ है। जो खाए, वो बीमार हो जाता है। आलू और टमाटर क्या हिसाब हैं? बताओ 1 लीटर दूध कितने का मिल रहा है? अभी आपने देखा होगा कि अमूल ने तीन रुपये लीटर बढ़ा दिया, सभी कंपनियों ने दाम बढ़ा दिए। आपमें अधिकांश लोग दूध खरीद रहे हैं। इन भाजपा के लोगों के लिए महंगाई कोई मुद्दा नहीं है।


जातीय जनगणना का मुद्दा भी उठाया

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं सबका साथ, सबका विकास। हमने एक नया सवाल उठाया है जातीय जनगणना का। भाजपा वाले छुटभैया नेताओं को आगे कर रहे हैं, लेकिन हम उनकी नहीं सुनेंगे। वह पहले लखनऊ से फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद यहां से नोएडा आए। यहां गांव हजरतपुर वाजिदपुर सेक्टर-63 में स्वर्गीय राजपाल यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति तय की।