Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 25 Jul 2023 10:30 pm IST


उत्‍तराखंड के साढ़े पांच साल के इस बच्‍चे ने सबको किया हैरान, बना विश्व का सबसे कम उम्र का Chess Player


दीक्षांत स्कूल में यूकेजी कक्षा के छात्र साढ़े पांच वर्षीय तेजस तिवारी विश्व के सबसे कम उम्र के शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने उन्हें सबसे कम उम्र का खिलाड़ी घोषित किया है।साथ ही जून में जारी हुई अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) की सूची में उन्हें 1149वीं रेटिंग प्राप्त हुई है। महासंघ ने इंटरनेट मीडिया पेज पर इसकी सूचना भी जारी की है।
तेजस तिवारी हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पिता शरद तिवारी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और माता इंदु तिवारी गृहिणी हैं। उनके पिता ने बताया कि फिडे की ओर से उन्हें ईमेल मिला है। उनके पिता भी कुमाऊं विवि के शतरंज खिलाड़ी रह चुके हैं।

इधर, दीक्षांत स्कूल प्रबंधन ने बताया कि हाल ही में रुद्रपुर में हुई प्रथम स्व. धीरज सिंह रघुवंशी ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में तेजस ने चार ड्रा और दो जीत के साथ फिडे रेटिंग प्राप्त की है। वह अब तक पांच राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।