Read in App


• Mon, 26 Aug 2024 11:28 am IST


14 हजार से अधिक पर्यटकों ने किए फूलों की घाटी के दीदार


ज्योतिर्मठ (चमोली) : विश्व धरोहर फूलों की घाटी में इस साल पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस साल अभी तक घाटी में 14 हजार से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। इससे जहां पार्क प्रशासन की आय में वृद्धि हुई है वहीं घाटी में पहुंचने वाले पर्यटकों का नया रिकाॅर्ड भी बनता जा रहा है। फूलों की घाटी एक जून से पर्यटकों के लिए खोल दी जाती है और 31 अक्तूबर तक पर्यटक घाटी में जा सकते हैं। बरसात में घाटी में सबसे अधिक फूल खिलते हैं। बार-बार बदरीनाथ हाईवे बंद होने के बावजूद घाटी में पर्यटकों की आमद लगातार बनी है। इस साल अभी तक घाटी में 14010 पर्यटक पहुंच चुके हैं जिसमें 205 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। इससे नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन को 28 लाख 33 हजार 750 रुपये की आय प्राप्त हो चुकी है। वहीं पिछले साल पूरे सीजन में यहां 13068 पर्यटक घाटी में पहुंचे थे। अभी घाटी को बंद करने में दो माह से अधिक का समय शेष है।