रबात/माराकेश: अफ्रीकी देश मोरक्को में भूकंप ने तबाही मचा दी है। अब तक इसकी वजह से 820 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 329 लोग घायल हैं। मोरक्को जियोलॉजिकल सेंटर ने बताया कि शुक्रवार देर रात आए इस भूकंप की तीव्रता 7.2 थी। हालांकि, यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई। साथ ही कहा कि ये इस क्षेत्र में 120 साल में आया सबसे ताकतवर भूकंप है।
मोरक्को के स्टेट टेलीविजन ने बताया कि भूकंप के कारण कई
इमारतें ढह गई हैं। सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़े कई वीडियोज तेजी से वायरल हो
रहे हैं, जिसमें लोग भागते
हुए नजर आ रहे हैं। भूकंप का एपिसेंटर एटलस पर्वत के पास इघिल नाम का गांव बताया
जा रहा है, जो माराकेश शहर 70 किलोमीटर की
दूरी पर है।
उत्तरी अफ्रीका में भूकंप काफी दुर्लभ
इस भूकंप की गहराई जमीन से 18.5 किलोमीटर नीचे थी। पुर्तगाल और अल्जीरिया तक
भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से इमारतें मलबे और धूल में तब्दील हो गईं। यूनेस्को की विश्व धरोहर
स्थल ऐतिहासिक माराकेच में पर्यटकों का ध्यान खींचने वाली लाल दीवारों के कुछ
हिस्से भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे
के अनुसार, उत्तरी अफ्रीका में भूकंप काफी दुर्लभ है। इससे
पहले सन् 1960 में अगादिर के
पास 5.8 तीव्रता का भूकंप
आया था और उस समय हजारों लोगों की मौत हो गई थी।