Read in App


• Mon, 1 Jan 2024 5:14 pm IST


नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी ने किया आत्मसमर्पण


चंपावत : नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी भाजपा से निष्कासित नेता कमल सिंह रावत को दबोचने में पुलिस नाकाम रही। पुलिस की दबिश काम नहीं आई लेकिन रविवार को आरोपी ने खुद ही कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जज अरुण बोहरा ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि आरोपी कमल सिंह रावत ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस की कई टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं। भाजपा से निष्कासित हो चुका कमल सिंह रावत कुछ दिन पहले तक भाजपा का तल्लादेश मंडल का अध्यक्ष था।कमल पर चंपावत ब्लॉक के एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ पिछले कुछ समय से यौन शोषण का आरोप था। आरोपी के खिलाफ 29 दिसंबर को चंपावत में आईपीसी की धारा 376, 506 व 363 के अलावा पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज हुआ था। जांच अधिकारी दरोगा पिंकी धामी का कहना है कि पीड़िता के अदालत के समक्ष जल्द ही धारा 164 के अंतर्गत बयान दर्ज कराए जाएंगे।