Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 9 Sep 2022 2:49 pm IST

राजनीति

क्या आप कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे?... राहुल गांधी ने दिया ये जवाब


नई दिल्‍ली: देशभर में कांग्रेस 3570 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता करते हुए एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा और संघ की विचारधारा नफरत फैलाने वाली है और हमारी ये यात्रा इस विचारधारा के खिलाफ है।

राहुल गांधी ने कहा कि सभी की अपनी राय होती है, भाजपा की राय है, संघ की राय है, उनके विचारों का स्वागत है। ये यात्रा हमारे लिए जनता से जुड़ने का है। जो नुकसान भाजपा की विचारधारा ने जनता को पहुंचाया है, हमने उसकी भरपाई के लिए ये यात्रा शुरू की है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा और संघ की विचारधारा नफरत फैलाने वाली है।

कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर जवाब

इस दौरान जब राहुल गांधी से कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, मैं चुनाव लड़ूंगा या नहीं, जल्द चुनाव होने वाला है, उसमें पता चल जाएगा। उनसे जब पूछा गया कि क्‍या आप संभावनाओं से इनकार नहीं कर रहे तो इस पर उन्होंने कहा, मैंने निर्णय कर लिया है और मैं अपने स्टैंड पर कायम हूं।

भाजपा ने संस्थाओं पर कब्जा किया

राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में मैं कांग्रेस का सदस्य होने के नाते शामिल हूं। ये यात्रा भारत को जोड़ने के लिए है और अगर इसका फायदा कांग्रेस को भी होता है तो ठीक है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया हैवे संस्थाओं पर दबाव डाल रहे हैं। आपको पता है कि वे कैसे काम कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं लड़ रहे हैं बल्कि हम सभी संस्थाओं से लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, मीडिया विपक्ष के साथ नहीं है। बहुत सारे लोग लड़ाई नहीं लड़ना चाहते, लेकिन उन्हें लगता है कि भाजपा के साथ कहां फंसना?