Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 25 Aug 2022 8:00 am IST

नेशनल

94 साल की उम्र में शुरु किया ‘हरभजन कौर- बेसन की बर्फी’, आज बन चुका है ब्रांड...


चंडीगढ़ के सेक्टर-36 C निवासी 94 साल की हरभजन कौर बीती रात कौन बनेगा करोड़पति के नजर आईं। अमिताभ बच्चन ने भी उनके हौसले और जज्बे को सलाम किया। 

हरभजन कौर ने पूरी जिंदगी को देखा तो उनको लगा कि उन्होंने खुद कुछ नहीं कमाया। जिसके बाद उन्होंने कुछ करने की ठानी। और अब 94 साल की उम्र में वो एक सफल उद्यमी बन गयीं। आज देश के कोने-कोने में उनके हाथ की बनी स्पेशल बर्फी पहुंच रही है। हरभजन कौर ने करीब चार साल पहले यानी 90 साल की उम्र में ‘हरभजन कौर- बेसन की बर्फी’ स्टार्टअप शुरू किया। अब ये ब्रांड बन चुका है। 

बर्फी के साथ आचार, कई तरह की चटनियां, पंजीरी और अन्य चीजें भी बनायी जाने लगी हैं। हरभजन कौर की चंडीगढ़ में कोई खुद की शॉप नहीं है, लेकिन वह मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-5 से क्लाउड किचन चला रही हैं। वहां दो असिस्टेंट हैं, लेकिन कौर खुद हर हफ्ते क्वालिटी चेक के लिए जाती हैं। उन्होंने बताया कि, सबसे ज्यादा ऑर्डर उन्हें अमेजन से मिलते हैं। इसके अलावा स्थानीय लोग दास्तां रेस्टोरेंट, स्विगी आदि से ऑर्डर करते हैं। 

हरभजन कौर ने कहा कि वे लोगों को यह संदेश देना चाहती हैं कि अपनी ख्वाहिशों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। हमें कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के मालिक आनंद महिंद्रा ने उनकी कहानी ट्वीट की, तो उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। ऑर्डर कई गुना बढ़ गए। अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर चंडीगढ़ आईं तो उनके यहां से बर्फी ऑर्डर की। उन्हें धर्मा प्रोडक्शन, कोलकाता में एक शादी में बर्फी जैसे कई बड़े ऑर्डर मिले। आईएसबी ने उन्हें स्पीच देने के लिए भी बुलाया।