बागेश्वर। जिले में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिवार को संविधान के संकल्प की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन एवं ऐतिहासिक नुमाईश खेत में भी ध्वजारोहण किया। पुलिस के परेड की सलामी ली। पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र समारोह में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। जिलाधिकारी ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। शहीदों, महापुरुषों को याद करते हुए नमन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। देश सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक क्षेत्र के साथ ही हर क्षेत्र में निरन्तर प्रगति कर रहा है। विश्व पटल पर हम लोगों की भूमिका में उत्तरोत्तर वृद्धि होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज का दिन आत्म चिंतन और मंथन करने का दिन है,जो हमारी भूमिका है उसका हम शत-प्रतिशत योगदान दें, तभी हम एक राष्ट्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ेंगे। विधायक कपकोट सुरेश गड़िया ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडर ने देश का संविधान निर्मित किया। जिसकी बदौलत आज हम सब निरंतर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहें हैं। लोकतंत्र में हम सबको अपनी भूमिका व अपने कामों के साथ देश प्रदेश को आगे बढ़ाना है। दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्र को मजबूती से चलाने के लिए भारत के संविधान का निर्माण हुआ।