Read in App


• Sat, 22 May 2021 11:43 am IST


रेखा आर्य ने ऑक्सीजन प्लांट का किया वर्चुअल शिलान्यास


अल्मोड़ा-जनपद प्रभारी मंत्री और राज्य मंत्री रेखा आर्या ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर में विधायक निधि से बनने वाले ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्लांट बनने के बाद क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। राज्य मंत्री ने कहा कि विधायक निधि से सोमेश्वर अस्पताल में 75 लाख रुपये की धनराशि से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के कोरोना मरीजों का इलाज अब आसानी से हो सकेगा। उन्होंने निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों को जल्द से जल्द इस प्लांट का कार्य पूरा कर संचालित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सोमेश्वर अस्पताल के लिए 15 लाख रुपये की लागत से ट्रूनेट मशीन खरीदने की घोषणा की। डीएम नितिन सिंह भदौरिया को स्वास्थ्य केंद्र में अलग से कोविड वार्ड बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने जल्द ही वार्ड बनाने की बात कही। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सीडीओ नवनीत पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिहं, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, विद्या कर्नाटक, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह नेगी, डॉ. सुधीर गुप्ता आदि थे।