उत्तरकाशी : आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा उत्तरकाशी में मंगलवार को विधिवत रूप से शुरू हो गई। यात्रा का शुभारंभ गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने किया। यह यात्रा गंगोत्री विधान सभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ संपन्न होगी।मंगलवार को गांधी वाचनालय में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि तिरंगा यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को गांधी वाचनालय से शुरू हुई यह यात्रा 12 को भटवाड़ी, 13 को डुंडा, 14 को नगर क्षेत्र में पदयात्रा करने के बाद 15 अगस्त को ध्वाजारोहण के साथ संपन्न होगी। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान है, इतिहास में कांग्रेस के अनेक नेताओं ने तिरंगे के सम्मान के लिए बलिदान दिये है।