Read in App


• Fri, 24 Jan 2025 1:32 pm IST


एक वोट को लेकर आपस में भिड़े दो पार्षद प्रत्याशी , पुलिस ने बमुश्किल किया मामला शांत


नैनीताल :  गांधीनगर में बने पोलिंग बूथ में दो प्रत्याशी एक वोट को लेकर भिड़ गए। दोनों में जमकर कहासुनी हो गई। बाद में पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों को हटाया। इसके बाद मामला शांत हो गया। गांधीनगर क्षेत्र निवासी युवक ने दो साल पहले बाजार क्षेत्र में मकान बना लिया था, लेकिन उन्होंने अपना वोट गांधीनगर वार्ड से बनाया। दोपहर को वह व्यक्ति अपना वोट डालने के लिए गांधीनगर बूथ में पहुंचा। इस दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी ने इसका विरोध शुरू कर दिया। कहा कि यह व्यक्ति यहां नहीं रहता है। यह बाजार में रहता है।

विपक्षी भाजपा प्रत्याशी ने इसका विरोध किया। इस बीच इन दोनों और उनके समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ी तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। उधर सूचना पर पहुंचे आरओ ने कहा कि जिस व्यक्ति का वोट जहां बना है, वह वहीं देगा। प्रत्याशी या किसी को आपत्ति करनी थी तो उस समय करनी चाहिए थी, जिस समय वोटर लिस्ट में आपत्ति मांगी गई थी.