Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 16 Sep 2022 10:00 pm IST

राजनीति

BJP के होंगे कैप्टन अमरिंदर: इस दिन लेंगे सदस्यता, PLC का भी होगा विलय


चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। वह 19 सितंबर को खुद शामिल होने के साथ ही अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) का भी बीजेपी में विलय करेंगे। ज्ञात हो कि कै‍प्‍टन ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले कांग्रेस से जुदा होकर नई पार्टी का गठन किया था।  

भाजपा और पीएलसी सूत्रों के मुताबिक, इस विलय के बाद बीजेपी कैप्टन को पंजाब में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। माना यह भी जा रहा है कि बीजेपी लोकसभा चुनाव 2024 और फिर पंजाब विधानसभा चुनाव में कैप्टन को मुख्य चेहरे के रूप में पेश कर लोकसभा की 13 और विधानसभा की सभी 117 सीटों पर अकेली उतरेगी।

विधानसभा चुनाव में हार गए थे कैप्‍टर अमरिंदर

गौरतलब है कि कांग्रेस छोड़ने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अलग पार्टी पीएलसी का गठन किया था, लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में उनकी पार्टी कोई कमाल नहीं दिखा सकीहालांकि, पीएलसी बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव में उतरी थी। पीएलसी एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी और कैप्टन स्वयं पटियाला से चुनाव हार गए।

पंजाब में संगठन विस्‍तार पर फोकस

भारतीय जनता पार्टी पंजाब में संगठन विस्तार करने पर जोर दे रही है। संगठन में कई बड़े और नए चेहरों को जगह मिलेगी। राज्य कोर कमेटी और जिला समितियों सहित विभिन्न मोर्चों में भी फेरबदल किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का भी तीन वर्ष का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो रहा है और ऐसे में लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए आगामी दिनों में प्रदेश भाजपा नेतृत्व में बदलाव होना तय है।