सत्ता और संगठन के समन्वय से मजबूत होगी भाजपा: धामी
भाजपा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सत्ता और संगठन के समन्वय से भाजपा और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का बृहस्पतिवार को समापन किया गया। समापन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कार्बेट बुक देकर सीएम का स्वागत किया। इस दौरान धामी ने कहा कि संगठन भाजपा की शक्ति है और संगठन के लिए अनुशासन जरूरी है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि भाजपा में अनुशासन है। धामी ने कहा कि सत्ता और संगठन दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के आपसी समन्वय से ही भाजपा और ज्यादा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि भाजपा एक शक्तिशाली संगठन है। मुख्यमंत्री ने इसे बनाए रखने की बात कही। उन्होंने सरकारी योजनाओं के विषय में बताते हुए कहा कि सरकार ने अब तक जो भी योजनाएं लागू की हैं उन्हें अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाया है।