Read in App


• Sat, 22 May 2021 9:51 am IST


कोरोना से संक्रमित महिला का हाथ पैर बंधा शव कमरे में मिला, हत्या की आशंका


हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र ने एक  वृद्ध महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 80 साल की यह वृद्ध महिला कोरोना संक्रमित थी। प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस का मानना है कि संभवत या लूट के बाद महिला की हत्या की गई होगी क्योंकि उसके हाथ पैर भी बंधे हुए थे।
पुलिस के अनुसार कनखल थाना क्षेत्र के भागीरथी विहार कॉलोनी  में राजदुलारी नामक एक वृद्धा घर में अकेली रहती थी। उनका एक बेटा हालैंड और दूसरा बेटा दिल्ली रहता है। वृद्धा को भोजन पानी देने के लिए अमित नामक एक लड़का घर में आता था। वृद्धा कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित पाई गई थी। शुक्रवार की दोपहर अमित भोजन लेकर वृद्धा के घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ मिला। एक कमरे में वृद्धा का शव बरामद हुआ। दूसरे कमरे में सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह समेत पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया फॉरेंसिक टीम ने भी सुराग जुटाए । वृद्ध के शव को एहतियात के साथ कब्जे में लिया गया और अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा गया। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया अभी तक कोई कारण स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है । 
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच पड़ताल कर रही है आसपास के लोगों को आशंका है कि संभवत या लूट के इरादे से महिला की हत्या भी की जा सकती है। पुलिस ने महिला के बेटों को सूचना दे दी है। इस घटना से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।