Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 8 Jan 2022 3:17 pm IST


भूख हड़ताल पर बैठे रोडवेज कर्मी, बसों का संचालन ठप


उत्तराखंड रोडवेज संविदा-विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के बैनर तले दो सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने शुक्रवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी। रुद्रपुर डिपो से करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन ठप होने से लोग परेशान रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अडिग रहे। उन्होंने उत्तराखंड परिवहन निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नियमितीकरण और समान कार्य का समान वेतन की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को रोडवेज के संविदा-विशेष श्रेणी कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में धरना दिया था, लेकिन मांग पूरी न होने पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से उन्होंने धरना शुरू कर दिया। धरने में शामिल पांच कर्मचारी शंकर गहतोड़ी, अमलेश विश्वास, बाबा हरदेव सिंह, नंद सिंह, उमेशपाल भूख हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने धरने के दौरान सभा आयोजित करते हुए कहा कि कई सालों की सेवा के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा है। साथ ही नियमित कर्मचारियों के समान कार्य करने के बावजूद उन्हें बेहद कम वेतन मिल रहा है।