Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 1 Jan 2022 8:30 am IST


समस्या हल न होने पर चकबंदी दफ्तर पर मवेशी बांधेंगे किसान


रुड़की: चकबंदी विभाग की समस्याओं को लेकर किसानों ने शुक्रवार को जिला बंदोबस्त अधिकारी का घेराव किया। इस दौरान जिला बंदोबस्त अधिकारी ने किसानों से वार्ता की। तय किया गया कि तीन जनवरी तक किसानों की समस्या हल कर दी जाएगी। समस्या हल ना होने पर किसानों ने पांच जनवरी को चकबंदी विभाग के दफ्तर पर मवेशियों को बांधने का एलान कर दिया है।

चकबंदी विभाग में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड इस मुद्दे को लेकर रुड़की तहसील मुख्यालय पर महापंचायत भी कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से भी कई बार आश्वासन ही दिए गए हैं। शुक्रवार को भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड के नेतृत्व में किसानों ने जिला बंदोबस्त अधिकारी दीवान सिंह नेगी से वार्ता की। वार्ता के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि रहमतपुर, बेलड़ा, केल्हणपुर, इमलीखेड़ा आदि गांवों में चकबंदी विभाग ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों को धोखा दिया है। साथ ही किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। केल्हणपुर गांव में किसानों को मृत दिखाकर उनकी जमीन दूसरों के नाम कर दी गई है। काफी देर तक किसानों एवं चकबंदी विभाग के अधिकारियों के बीच नोकझोंक होती रही। इसी बीच जिला बंदोबस्त अधिकारी दीवान सिंह नेगी ने किसानों को आश्वासन दिया कि तीन जनवरी को किसानों की समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाएगा। इस पर किसानों ने चेतावनी दी कि यदि तीन जनवरी को उनकी समस्या हल नहीं होती है तो पांच जनवरी को वह चकबंदी विभाग के दफ्तर पर मवेशियों को बांधकर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नाजिम अली, युवा विग के जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाह, इरशाद, प्रदीप त्यागी, जिला उपाध्यक्ष मुबारिक अली, सोनू गुर्जर, राजबीर सिंह, छोटा, संदीप, पवन रोड आदि मौजूद रहे।