Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 29 Dec 2022 4:59 pm IST


खीड़ा में तेंदुए के हमले से महिला घायल, दिया साहस का परिचय


चौखुटिया (अल्मोड़ा) : खीड़ा में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर दिया। वह करीब पांच मिनट तक तेंदुए से मुकाबला करती रही। इस ट्यूशन के लिए जा रहे बच्चों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। महिला को सीएचसी में भर्ती किया गया है। उसे 25 टांके लगे हैं। खीड़ा बाजार से सिर्फ 100 फीट की दूरी पर बुधवार सुबह साढ़े छह बजे प्रेमा देवी (35) पत्नी भवान सिंह गोशाला जा रही थीं। अचानक घात लगाकर बैठा तेंदुए उन पर झपट पड़ा। प्रेमा ने साहस का परिचय दिया और करीब पांच मिनट तक तेंदुए का मुकाबला किया। प्रेमा देवी ने बताया कि इस दौरान वह तेंदुए से खुद को अलग करने के साथ ही शोर भी मचाती रहीं। इसी बीच ट्यूशन को जा रहे स्कूली बच्चे भी वहां पहुंच गए। बच्चों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। सीएचसी चौखुटिया के डॉ. बृजेश उप्रेती ने बताया कि महिला के पैर, जांघ, मुंह सहित विभिन्न हिस्सों में 25 टांके लगाए गए हैं। कुछ स्थानों पर घाव गहरे हैं लेकिन फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। उन्हें रानीखेत राजकीय अस्पताल रेफर किया गया है। इधर, रानीखेत अस्पताल के ईएमओ डॉ. नरेंद्र ने बताया कि घायल महिला का इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।