उत्तरकाशी : टौंस वन प्रभाग के अंतर्गत जरमोला में नवनिर्मित मॉडर्न क्रू स्टेशन का शनिवार को क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने विधिवत पूजा-पाठ व हवन के साथ उद्घाटन किया। विधायक दुर्गेश्वर लाल व डीएफओ टौंस व अपर यमुना वन प्रभाग सुबोध काला ने मॉर्डन क्रू स्टेशन के शिलापट्ट का अनावरण करते हुए वनों की सुरक्षा पर जोर दिया। डीएफओ सुबोध काला ने कहा कि वन हमारे पर्यावरण को स्वच्छ व जीवन के लिए आवश्यक हवा व पानी देते हैं। हर वर्ष घटित आगजनी की घटनाओं से वनों व पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि वनों को अग्नि से बचाने के लिए वन विभाग हर सम्भव तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। इसी क्रम में जरमोला में मॉडर्न क्रू स्टेशन निर्मित किया गया है। उन्होंने कहा कि मॉर्डन क्रू स्टेशन में वनाग्नि में कर्मियों के लिये जरूरी उपकरणों के साथ साथ विश्राम की व्यवस्थाओं को किया गया है। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि मॉडर्न क्रू स्टेशन का निर्माण जनहित में उठाया गया सकारात्मक कदम है।