पौड़ी-नगर पालिका परिषद में सेवारत पर्यावरण मित्र सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त किए जाने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। पर्यावरण मित्रों ने सांकेतिक धरना दिया। कहा कि कर्मचारियों की 11 सूत्री मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो 1 मई को सीएम आवास घेराव व दो मई से कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन कुमार घाघट ने बताया कि पर्यावरण मित्र विषम परिस्थितियों में सफाई कार्य करते हैं, उन्हें कई बार स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझना पड़ता है। लेकिन पर्यावरण मित्रों का स्वास्थ्य व जीवन बीमा नहीं होने पर उन्हें उपचार के दौरान अनेक परेशानियां उठानी पड़ी हैं। उन्होंने पर्यावरण मित्रों का जल्द स्वास्थ्य व जीवन बीमा किए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण मित्र ठेका प्रथा के तहत कार्य कर रहे हैं, इस व्यवस्था को समाप्त कर उन्हें राज्य कर्मचारियों में शामिल किया जाए। कहा कि पर्यावरण मित्र लंबे समय से मृतक आश्रित नियमावली में संसोधन करने, पर्यावरण मित्रों को राज्य कर्मचारियों की भांति भत्ते दिए जाने, आवंटित आवासों का मालिकाना हक दिए जाने सहित 11 सूत्री समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ठोस निर्णय नहीं ले रही है। धरना देने वालों में नगर अध्यक्ष राहुल टांक, महामंत्री राजू रीडियान, मुकेश ढिंगीया, विक्रम शामिल रहे।