Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 19 Mar 2022 5:05 pm IST


मैक्स दुर्घटना के शिकार एक और व्यक्ति ने तोड़ा दम, अब तक 5 की मौत


कोटद्वार: थलीसैण प्रखंड के अंतर्गत पैठाणी क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई मैक्स दुर्घटना घायल एक व्‍यकि्त की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों की संख्‍या पांच हो गई है। वहीं, नौ व्‍यकि्यों का अस्‍पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक डंपर चालक को गिरफ्तार किया है। दुर्घटना के वक्त यही डंपर चालक मैक्स चला रहा था। जबकि, मैक्स चालक पैठाणी में अन्य साथियों के साथ भोजन कर रहा था। शुक्रवार को परिवहन विभाग की टीम ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच क्षतिग्रस्त वाहन का मुआयना किया। बताते चलें कि गुरुवार को जनपद चमोली की चांदपुर पट्टी के बिसौणा गांव के होल्यार दो मैक्स वाहन व चार बाइकों से पैठाणी पहुंचे।  पैठाणी में होली गीत गाने के साथ ही परिचितों से मिल कर वे शाम को पैठाणी से वापस बिसौणा की ओर लौटने लगे। पैठाणी-कर्णप्रयाग मार्ग पर पैठाणी से करीब दो किमी आगे चुठाणी बैंड पर एक मैक्स करीब सौ मीटर खड्ड में जा गिरी।  दुर्घटना में बिसौणा गांव के अमित नेगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसी गांव के रोहित सिंह, बलवंत सिंह व संतोष ने पाबौ चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। घायल नरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह की श्रीनगर बेस चिकित्सालय में शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। नौ घायलों का चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।