Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 12 Feb 2023 2:00 pm IST

राजनीति

कांग्रेस नेता का खुलासा, भारत जोड़ो यात्रा छोड़ने वाले थे राहुल गांधी; जानिए वजह


नई दिल्‍ली: सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सफलतापूर्वक समाप्‍त हो चुकी है। अब इसे लेकर पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक अहम खुलासा किया है। उन्‍होंने बताया कि शुरुआत में यह बहुत आसान नहीं थी, क्योंकि यात्रा के तीसरे दिन जब यात्रा केरल में थी तो राहुल गांधी को घुटने में जबरदस्त दर्द हुआ। दर्द इतना अधिक था कि राहुल ने उनके बिना यात्रा जारी रखने का सुझाव दिया।

न्यूज एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी के घुटनों में दर्द की बात पता चलते ही उनकी बहन व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी का भी फोन आया। उन्होंने अन्य वरिष्ठ नेताओं को अभियान सौंपने का सुझाव देने के बारे में भी सोचा, लेकिन राहुल के बिना इस यात्रा की कल्पना नहीं की जा सकती थी।

केरल में राहुल गांधी ने भी किया था जिक्र

वेणुगोपाल ने कहा कि इसके बाद यात्रा में राहुल गांधी की ओर से सुझाए गए एक फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हुए। उन्होंने राहुल का इलाज किया और उनका दर्द धीरे-धीरे ठीक हो गया। केरल में खुद राहुल गांधी ने भी अपने घुटने की समस्या के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि जब भी उन्हें यह मुश्किल होती है तो वह पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का सहारा लेते हैं।

146 दिनों तक चली भारत जोड़ो यात्रा

गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने 12 राज्‍यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों, 75 जिलों में 146 दिनों में 4,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कीइसमें पार्टी नेता राहुल गांधी यात्रा बंद होने के अलावा प्रतिदिन पैदल चलते रहे। इनमें तमिलनाडु के कन्याकुमारी से केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्‍य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, यूपी, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।