देहरादून : उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड दुश्वारियां बढ़ा रही है। सुबह-शाम तापमान में गिरावट और सर्द हवाएं चलने से कंपकंपी छूट रही है। लंबे समय से शुष्क चल रहे मौसम में अगले कुछ दिन बदलाव आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अत्यधिक अंतर आने के कारण सेहत के प्रति सचेत रहने की भी सलाह दी गई है।इसके साथ ही प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही शीतलहर चलने की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 18 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर रह सकता है।