Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 3 Mar 2023 10:00 pm IST

नेशनल

देशभर में सबसे ज्यादा होता है ताज का दीदार, जानिए टॉप-10 यूनेस्को विश्वदाय स्मारक...


अगर बात होती है दुनिया के सात अजूबों की तो यूपी के आगरा में स्थित ताजमहल का नाम जुबां पर जरुर आता है। 

वरिष्ठ अधिकारी केसी जैन ने आरटीआई के जरिए संस्कृति मंत्रालय से मिली जानकारी को साझा करते हुए बताया कि, देशभर के 3695 संरक्षित स्मारकों और स्थलों में से ताजमहल नंबर वन पर है। दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल को देखने के लिए देश में सबसे ज्यादा सैलानी आ रहे हैं। इस सूची में आगरा किला पांचवें नंबर पर है। जबकि शहर का तीसरा यूनेस्को विश्वदाय स्मारक फतेहपुर सीकरी टॉप-10 में भी जगह नहीं बना पाया है।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में सबसे ज्यादा पर्यटक ताजमहल पर पहुंचे थे, जिनसे टिकट के रूप में 25.61 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि 2019-20 में यह 97.11 करोड़ तक पहुंच गई थी। तब सैलानियों की संख्या 51 लाख थी, जबकि साल 2021-22 में यह 33 लाख रह गई।

संस्कृति मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, देश के टॉप-10 स्मारकों में आगरा का ताजमहल, दिल्ली का लाल किला, चेन्नई का मल्लापुरम, दिल्ली का कुतुबमीनार, आगरा का किला, हैदराबाद का गोलकुंडा, कोणार्क का सूर्य मंदिर, गोवा का अगुड़ा किला, चित्तौड़गढ़ का किला, शनिवार वाडा का नाम शामिल है। 

जानकारी देते हुए अधिवक्ता केसी जैन ने बताया कि ताजमहल भले ही टॉप पर हो, पर पर्यटकों के लिए पार्किंग सुविधा पर्याप्त नहीं है। ताज की 500 मीटर परिधि में रखरखाव, सफाई, हरियाली की भी कमी है। यहां वीक एंड पर भारी भीड़ के दौरान अव्यवस्था फैल जाती है। इसमें सुधार होना चाहिए।