पौड़ी : केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए पहली बार हो रही सीयूईटी (विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा) के खिलाफ छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। छात्र संगठन छात्रम ने सीयूईटी को बंद करने की मांग के लिए प्रदर्शन किया। संगठन ने इसके लिए गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय को भी जिम्मेदार मानते हुए विवि प्रशासन का पुतला फूंका। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने पुतले पर आग लगते ही बुझा दिया।सीयूईटी के लगातार रद्द होने और अव्यवस्थाओं से आक्रोशित छात्रम संगठन के सदस्य बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी के नेतृत्व में गढ़वाल विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय में कुलपति, प्रति कुलपति और कुलसचिव के नहीं मिलने पर छात्रों ने कुलपति सचिवालय के गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि बिना संसाधनों और तैयारी के जबरदस्ती सीयूईटी थोप दी गई। इससे छात्रों का नुकसान हो रहा है। हमेशा तकनीकी गड़बड़ी बताकर परीक्षा स्थगित कर दी जा रही है। उन्होंने सीयूईटी को बंद कर पूर्व की भांति प्रवेश प्रक्रिया चलाने की मांग की। छात्रों ने पहाड़ के छात्रों के लिए गढ़वाल विवि में 50 फीसदी सीट रिजर्व रखने की मांग की।