भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक में सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस दौरान पदाधिकारियों और पार्टी विधायकों ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने व निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया। बैठक में मौजूद जिले के पांच विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
शुक्रवार को शैले हॉल में दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया गया। जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने मंडलस्तर, जिलास्तर और बूथस्तर पर किए गए विकास कार्यों पर चर्चा की। कहा कि आगामी निकाय चुनाव के लिए अभी से जुटना होगा। सरकार की योजनाओं से बूथ स्तर और हर यूथ को जोड़ना होगा।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ने झारखंड की राज्यपाल रहीं द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति का प्रत्याशी बनाकर फिर जता दिया कि पार्टी सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम करती है। बैठक के बाद कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की ओर से पिछले आठ वर्षों में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने और इन्हें जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। वर्ष 2024 में भाजपा भारी बहुमत से लोकसभा चुनाव जीतेगी।