एस एम जे एन पी जी कॉलेज में वेबीनार का आयोजन
हरिद्वार।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्थानीय एस एम जे एन पी जी कालेज के द्वारा पारिस्थितिकी तंत्र के पुर्नस्थापना एवं चुनौतियां विषय पर एक वैबिनार का आयोजन किया गया।
मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं एस एम जे एन पी जी कालेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने बताया कि दुनिया के 17 विशाल विविधतापूर्ण देशों में से भारत एक है। इस के बावजूद भी यहां पर कई पौधों और जानवरों पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है। गंभीर खतरे और अन्य विलुप्तप्राय पौधों तथा पशु प्रजातियों की रक्षा करने के लिए सरकार ने कई कदम, कानून और नीतिगत फैसलों को अपनाया है। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने मनसा देवी मंदिर की पहाड़ियों ,कनखल, कालेज परिसर आदि स्थलों पर इस वर्ष वृहद मात्रा में मानसून के मौसम में वृक्षारोपण करने के लिए कहा जिससे कि भविष्य में पर्यावरण एवं परिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर एसएम जेएनपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए समस्त छात्र-छात्राओं साथ अग्रसर रहेंगे ।
डॉ बत्रा ने बताया कि पिछले कई दशकों में पर्यावरण के प्रत्येक घटक में असंतुलन उत्पन्न हुआ है। और ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, समुद्र के स्तर का बढ़ना,बादल फटने जैसी घटनाएं, चक्रवात तूफ़ानों का बहुतायत में आना यह सभी वैश्विक मुद्दे हैं इसके साथ-साथ पर्यावरण की असंतुलन से मानव जीवन का अस्तित्व भी संकट में पड़ गया है। पारिस्थिकीय तन्त्र की स्थापना हेतु वृहद स्तर पर वृक्षारोपण ,जैव विविधता का संरक्षण ,प्रदूषण नियंत्रण , जनसंख्या नियंत्रण आदि उपायों पर विशेष ध्यान देना होगा। डॉ बत्रा ने बताया कि पिछले वर्ष से संपूर्ण विश्व कोविड 19 महामारी से जूझ रहा है इस महामारी का सामना करने के लिए मानव जाति को मास्क, दस्ताने, पीपीई किट, आदि अन्य मेडिकल सामग्री का प्रयोग बहुतायत में किया जा रहा है।