अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। जल्द पदोन्नति, स्थानांतरण संबंधी व अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की। सोमवार को एजुकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि कर्मचारी लंबे समय से समस्याओं के निदान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का निदान नहीं हो सका है। कहा कि निदेशालय के अधिकारियों की ओर से दोहरी नीति अपनाई जा रही है। गढ़वाल मंडल के सदस्यों के काम किए जा रहे हैं, लेकिन कुमाऊं मंडल के कर्मचारियों के वही कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे कर्मचारियों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष कुमाऊं मंडल पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने बताया कि अगर समस्याओं का निदान नहीं होगा तो 27 को कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। फिर भी मांगों के पूरा नहीं होने पर दो दिसम्बर से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। कर्मचारियों ने जल्द सभी लंबित समस्याओं के निदान की मांग की।