Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 11 Mar 2023 12:01 pm IST


कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भाजपा नेता की टिप्पणी, तो भड़क उठीं TMC सांसद, जानिए क्या कहा...?


लोकसभा में राहुल गांधी के अदाणी-हिंडनबर्ग मामले में टिप्पणी करने के बाद भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

अब तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने निशिकांत दुबे पर पलटवार करते हुए उनपर फर्जी डिग्री लेने का आरोप लगा दिया है। दरअसल, बजट भाषण के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार समिति के सामने अपना पक्ष रखते हुए राहुल की सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। उन्होंने यह भी कहा कि, लोकसभा अध्यक्ष ने राहुल की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाए जाने के बावजूद अब भी उनके और कांग्रेस के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनलों पर उपलब्ध हैं। 

निशिकांत दुबे के इस भाषण के बाद महुआ मोइत्रा ने उनपर फर्जी एमबीए और पीएचडी की डिग्री हासिल करने का आरोप लगाया है। महुआ ने अपने एक ट्वीट में लोकसभा अध्यक्ष से सवाल करते हुए पूछा कि- शपथ पत्र पर झूठ नहीं बोलना है। क्या डीयू के एफएमएस से फर्जी एमबीए की डिग्री लेना और फिर फर्जी पीएचडी करना भी लोकसभा की सदस्यता समाप्त करने का आधार नहीं है? विशेषाधिकार समिति क्या आप इस बात को सुन रहे हैं? 

बता दें कि, साल 2020 में झारखंड हाईकोर्ट में निशिकांत दुबे के खिलाफ एक पीआईएल दायर की थी। उनपर चुनाव नामांकन पत्र में कथित तौर पर फर्जी डिग्री जमा करने का आरोप लगा था।