काशीपुर : महिला के घर लिव इन में रह रहे युवक ने महिला की बेटी और बेटे को बंधक बनाकर उनकी अंगुलियां काट दीं। लहूलुहान हालत में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट लिखी गई है। बताया जा रहा है कि बच्चों से अनबन रहने के कारण वह उनसे नाराज रहता था। आईटीआई थाना पुलिस ने बताया कि इलाके की एक महिला के पति की दो साल पहले मौत हो चुकी है। मूलरूप से ठाकुरद्वारा निवासी एक युवक उसके घर में किराये पर रहता था। दो साल से दोनों लिव इन में रह रहे थे। महिला के तीन बच्चे हैं।वे युवक के घर में रहने का विरोध करते थे। सोमवार दोपहर युवक ने दो बच्चों के हाथ बांध दिए और पीटने के बाद अंगुलियों को चाकू से लहूलुहान कर दिया।बताया जा रहा है कि झगड़े में बच्चे मां का पक्ष लेते थे, युवक इसी बात को लेकर बच्चों से रंजिश रखता था। कई बार युवक और महिला अलग-अलग रहने लगे थे लेकिन बाद में फिर साथ आ गए। युवक महिला के घर में दो साल तक किराये पर रहा। उसकी शादी नहीं हुई है।