Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 26 Feb 2023 4:40 pm IST


Success Story: पापा ने किया मोटिवेट तो भाई-बहन ने भी रच दिया इतिहास, एक साथ बने दारोगा


 ‘हमारे पापा की शुरू से इच्छा थी कि हम लोग वर्दी पहनें। यही वजह है कि उन्होंने हम दोनों भाई बहन का 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा पद के लिए  फार्म भरवाया। वे हम दोनों को सुबह सबेरे ही उठाकर खेत और मेड़ पर दौड़ाते थे और खुद भी हमारे साथ साथ दौड़ते थे। जैसे ही हम दोनों की स्पीड धीमी होने लगती थी वे हमें मोटिवेट करने लगते थे।’ यह कहना है रजत त्रिपाठी का, जिन्होंने अपनी बहन कीर्ति के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की एसआई की परीक्षा पास कर ली है।
अब दोनों भाई-बहन खाकी वर्दी पहनकर लोगों की सेवा करतेनजर आएंगे। कहते हैं मन में अगर जज्बा और लगन हो तो कठिन से कठिन कार्य आसानी से पूरा हो जाता है। यह लाइन कीर्ति और रजत पर बखूबी लागू होती है। दोनों ने कड़े संघर्ष और बेहद कम संसाधनों में अपनी पढ़ाई की और कामयाबी हासिल की।
संत कबीरनगर के धनघटा विकासखंड के भंडागांव के रहने  वाले एलआईसी एजेंट रमेश चंद्र त्रिपाठी के बड़े बेटे रजत त्रिपाठी और बेटी कीर्ति त्रिपाठी का चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हो गया है।  13 मार्च से इनकी ट्रेनिंग भी शुरू हो जाएगी। रजत की ट्रेनिंग सीतापुर में होगी तो वहीं कीर्ति  ट्रेनिंग के लिए मेरठ जाएंगी। अपने संकल्प और मेहनत के दम पर ये मुकाम हासिल करने वाले दोनों भाई बहन ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।