हरकी पैड़ी सहित आसपास के कई इलाकों में व्यापारियों की ओर से पिछले नौ माह से चूजर चार्ज जमा नहीं किया है। इससे नौ वार्डों में कूड़ा उठान कार्य ठप हो गया है। कंपनी कासा ग्रीन ओर से बार-बार आग्रह किए जाने के बाद भी यूजर चार्ज जमा नहीं हुआ है। अब नगर निगम के साथ कंपनी ने दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम की ओर से शहर से कूड़ा उठाने का कार्य कासा ग्रीन कंपनी को दिया है। जबकि कुछ वार्डों में दूसरी कंपनी कूड़ा उठान कार्य कर रही है। पिछले साल मई में कासा ग्रीन ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शुरू किया था। कंपनी को ही यूजर चार्ज उठाने की जिम्मेदारी दी गई थी। कंपनी के मुताबिक पिछले नौ माह से वार्ड एक से नौ तक (भूपतवाला, खड़खड़ी, हरकी पैड़ी, अपर रोड, मोती बाजार) आदि वार्डों के व्यापारियों ने यूजर चार्ज जमा नहीं किया है। कंपनी की ओर से कई बार यूजर चार्ज जमा करने को लेकर आग्रह किया गया। साथ ही नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी व्यापारियों से यूजर चार्ज जमा करने की अपील की गई थी। इसके बाद भी व्यापारियों की ओर से यूजर चार्ज जमा नहीं किया गया। व्यापारी कभी कोरोना की मार तो कभी अन्य कारण बताकर यूजर चार्ज जमा नहीं कर रहे हैं। अब कंपनी ने इन वार्डों में कूड़ा उठान कार्य बंद कर दिया है। साथ ही व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। कासा ग्रीन कंपनी के प्रबंधक रंजन राठौर ने बताया कि यूजर चार्ज जमा नहीं होने से कर्मचारियों की सैलरी सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।