Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 26 Nov 2022 11:00 am IST

मनोरंजन

ऋचा चड्ढा के विवादित ट्वीट के समर्थन में उतरे प्रकाश राज, अक्षय कुमार पर भड़के, कहा...


बॉलीवुड अभिनेत्री एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा अपने एक ट्वीट की वजह से विवादों में फंसकर इस समय सुर्खियों में बनी हैं। कुछ दिन पहले अभिनेत्री को गलवान मुद्दे पर ट्वीट करने के लिए सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। फिर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले को बढ़ता देख ऋचा चड्ढा ने एक और ट्वीट कर इस पूरे मामले पर माफी मांगी। हालांकि, इसके बाद भी मामला ठंडा नहीं हुआ, बल्कि और अधिक गरमा गया। एक के बाद एक सेलेब्स उनके खिलाफ ट्वीट करने लगे। इसी बीच साउथ अभिनेता प्रकाश राज उनके पक्ष में सामने आए। ऋचा चड्ढा के खिलाफ ट्वीट करने के लिए साउथ अभिनेता प्रकाश राज ने अक्षय कुमार को आड़े हाथ ले लिया। उन्होंने अक्षय के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, 'आपसे ये उम्मीद नहीं थी अक्षय कुमार... ऋचा चड्ढा हमारे देश के लिए आपसे ज्यादा प्रासंगिक है सर। वहीं इससे पहले भी प्रकाश राज ने ऋचा के गलवान ट्वीट पर लिखा- 'हम आपके साथ हैं ऋचा चड्ढा । हम जानते हैं कि आपके कहने का क्या मतलब था।' बताते चलें कि ऋचा चड्ढा ने उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। कमांडर लेफ्टिनेट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था कि भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के आदेश को पूरा करने के लिए तैयार हैं। हम सरकार के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। हम जल्द ही ऑपरेशन पूरा करेंगे।' इसी बयान को कोट करते हुए ऋचा चड्ढा ने ट्विटर पर लिखा, 'गलवान हाय कह रहा है'। ऋचा चड्ढा के इस ट्वीट पर विवाद शुरू हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने ऋचा की क्लास लगाई है। वहीं, अक्षय कुमार ने इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

अभिनेता अक्षय कुमार ने ऋचा चड्ढा के वायरल ट्वीट के स्क्रीनशॉट को रिट्वीट किया है। इसके साथ उन्होंने  लिखा है, 'यह देखकर आहत हूं। किसी को कभी हमारी आर्मी फोर्स के प्रति एहसान फरामोश नहीं होना चाहिए। वो हैं तो आज हम हैं।' इसके साथ अक्षय ने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी बनाई है।