बाबा साहनी को प्रोजेक्ट में जब किसी निवेशक की जरूरत पड़ी तो उन्होंने अपने परिचित बलजीत सोनी से मुलाकात की। सोनी ने उन्हें गुप्ता बंधुओं के बहनोई अनिल गुप्ता का नाम सुझा दिया।
साहनी आत्महत्या प्रकरण में अब गुप्ता बंधुओं और उनके बहनोई की कुंडलियां धीरे-धीरे खुल रही हैं। बहाना रिहायशी कॉम्प्लेक्स के निर्माण में साझेदारी का था, लेकिन अपने काले धन को सफेद करने में भी गुप्ता ने कमी नहीं छोड़ी। पुलिस जांच में अब तक 35 से 40 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग के लिहाज से लेनदेन की बात सामने आई है। ऐसे में ईडी के अधिकारियों ने भी पुलिस कप्तान से मुलाकात कर इसकी जानकारी जुटाई है।
दरअसल, बाबा साहनी को प्रोजेक्ट में जब किसी निवेशक की जरूरत पड़ी तो उन्होंने अपने परिचित बलजीत सोनी से मुलाकात की। सोनी ने उन्हें गुप्ता बंधुओं के बहनोई अनिल गुप्ता का नाम सुझा दिया। साहनी भी तैयार हो गए। अनिल गुप्ता ने शुरुआत में 25 करोड़ रुपये निवेश किया। लेकिन, धीरे-धीरे अनिल तो परदे के पीछे हो गया और सामने गुप्ता बंधुओं में से एक अजय गुप्ता आ गया। अब जैसे अजय गुप्ता को अपने काले धन को सफेद करने का मौका मिल गया। डील अनिल गुप्ता की कंपनी से साहनी की कंपनी के शेयर के बदले कारोबार की हुई थी, लेकिन अजय गुप्ता अब अपनी कंपनी से लेनदेन करने लगा।