Read in App


• Fri, 25 Jun 2021 10:20 pm IST


आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक स्वरूप पर कलंक... डॉक्टर जयपाल चौहान


हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आपातकाल के 46 साल पूरे होने पर काला दिवस मनाया। इस दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आपातकाल के दौरान 6 माह जेल में रहे रुड़की निवासी डा.चेतन दास सैनी को जगजीतपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा.जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि देश में आपातकाल की घोषणा के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देशवासियों के सभी मौलिक अधिकारों को निरस्त कर दिया था। प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई।
विपक्षी नेताओं को रातों-रात जेल में डाल दिया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए शारीरिक यातनाएं दी गई। जो आज भी देशवासियों के जहन में है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आवाजों को दबाकर देश को तानाशाही में बदलने का जो कुत्सित प्रयास तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने किया। देश आज भी उन काले दिनों को याद करते हुए सिहर उठता है। देश उन लाखों बलिदानों करने वालो को याद करता है। जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया और तानाशाही के विरुद्ध साहसिक लड़ाई लड़ी। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस इस कृत्य की निंदा करने के बजाय आज भी इस पर खेद तक नहीं जताती है। केंद्र की तत्कालीन इंदिरा सरकार ने जिस तरीके से उस समय देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट भ्रष्ट करने का काम किया। गरीबी हटाओ के नारे से मुकर करके देश में बेरोजगारी और कर्मचारियों को भी एक पार्टी का एजेंट बना कर रख दिया। ऐसे समय में देश के प्रमुख विपक्षी दलों और भारतीय जनसंघ ने एक लंबी लड़ाई लड़ी और आम भारतीय के मौलिक अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए और देश को इमरजेंसी से निजात दिलाने के लिए एक बड़ा संघर्ष किया।
भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी और आदेश सैनी ने कहा की सांसद के रूप में इंदिरा गांधी की अयोग्यता और आपातकाल की घोषणा 1971 के संसदीय चुनाव के दौरान इंदिरा गांधी ने रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र से राज नारायण को हराया था। जिन्होंने बाद में इंदिरा गांधी पर चुनावी कदाचार का आरोप लगाते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिसके परिणाम स्वरूप आए फैसले से अपने आप को बचाने के लिए और अपनी सत्ता कायम रखने के लिए इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था और देश में लोकतंत्र के सभी स्तंभों को भी धराशाई कर दिया गया था। देश के अध्याय में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का इससे खराब उदाहरण कोई नहीं हो सकता। देश पर आपातकाल थोपने के लिए कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
आपातकाल के दौरान 6 माह तक जेल में रहे डा.चेतन दास सैनी को भाजपा जिला कार्यालय पर आमंत्रित कर उनका स्वागत कर सम्मानित किया गया। इस दौरान डा.चेतन सैनी ने अपने संस्मरण  कार्यकर्ताओं के साथ साझा किए। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष देशपाल रोड, डा.अंकित आर्य, अनिल अरोड़ा, संदीप गोयल, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रदीप पाल, अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेलू राम प्रधान, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री डा.प्रदीप चौधरी, जिला कार्यालय प्रभारी लव शर्मा, मोहित वर्मा, जिला आईटी प्रभारी सुशील रावत, सिद्धार्थ कौशिक, मीडिया प्रभारी धीरेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप मेहता, मंडल मंत्री निशा पुंडीर, संजय पुंडीर, मंडल कोषाध्यक्ष संजय पाल, मृदुला सिंघल, गुलफाम पीर, खलीक सलमानी, गुड्डू रोहिल्ला,आलोक चौहान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।