झारखंड में भाजपा की महिला नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी महेश्वर पात्रा की पत्नी सीमा पात्रा पर नौकरानी ने क्रूरता की हदें पार करने का आरोप लगाया है। नौकरानी ने सीमा पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
नौकरानी सुनीता ने बताया कि, सीमा पात्रा ने उन्हें कई दिनों तक भूखा-प्यासा कमरे में बंद रखा। लोहे की रॉड मारकर उसके दांत तक तोड़ दिए। इतने से भी उनका जी नहीं भरा तो उन्होंने गर्म तवे से शरीर के कई हिस्सों में दागा, जिसके निशान अभी भी हैं। दरअसल, नौकरानी को पुलिस ने 22 अगस्त को भाजपा नेत्री के रांची के अशोकनगर स्थित आवास से मुक्त कराया था।
गंभीर हालत में उसे रिम्स में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि, जब उसे यहां लाया गया था। तब वो बहुत कमजोर थी। धीरे-धीरे उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है। नौकरानी सुनीता ने दर्द बयां करते हुए बताया कि, अगर आज वो जिंदा है तो मैडम के बेटे आयुष्मान की वजह से। आयुष्मान उसे हर बार मारपीट से बचाता था।
सुनीता ने सीमा पर आरोप लगाया है कि, वो उसे खाना तक नहीं देती थी। और सीमा पात्रा उससे घर के काम भी करवाती थी। काम न करने पर बुरी तरह मारपीट करती थी। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि, बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।