Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 27 Jun 2022 1:00 am IST

अपराध

चौथी मंजिल से गिरने से टूट गयीं थी हाथ-पैर और पसलियां, ज्यादा खून बहने से हुई थी रितिका की मौत


आगरा की फैशन और फूड ब्लॉगर रितिका सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने एक नहीं कई गुत्थियां एक साथ सुलझा दी हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, चौथी मंजिल से फेंके जाने पर ब्लॉगर रितिका सिंह के हाथ-पैर और सिर की हड्डियां टूट और पसलियां टूट गईं थीं। पेट में खून भर गया था। सिर में गहरा घाव होने से खून ज्यादा बहा, जिससे उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि, शुक्रवार को रितिका सिंह की हत्या की गई थी। वह अपने पति आकाश गौतम को छोड़कर फेसबुक फ्रेंड विपुल अग्रवाल के साथ लिव-इन में रह रही थी। हत्या का आरोप पति और उसके सहयोगियों पर है। 

दरअसल रितिका की हत्या के बाद लोगों ने मौके से उसके पति और दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, यहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि रितिका और आकाश के मोबाइल नहीं मिले हैं। आकाश ने मोबाइल के बारे में बताया कि उसके साथी ले गए हैं। वह कहां भागे, यह नहीं बता सका। आशंका है कि मोबाइल में हत्या से पहले का कोई वीडियो हो सकता है। हाथ बांधने के बाद वीडियो बनाया गया होगा। 

जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के प्रताप विहार निवासी सुरेंद्र सिंह की बेटी रितिका ने टूंडला के नगला झम्मन निवासी आकाश गौतम से प्रेम विवाह किया था। तीन साल पहले वो पति से अलग हो गई थी। ताजगंज स्थित ओम श्री प्लेटिनम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 404 में रितिका अपने फेसबुक फ्रेंड विपुल अग्रवाल के साथ रहती थी। शुक्रवार सुबह 10:36 बजे पति आकाश गौतम दो महिलाओं और दो युवकों के साथ आया था। वह फ्लैट में चला गया। जहां रितिका और विपुल को पकड़कर दोनों की पिटाई की। विपुल को बाथरूम में बंद कर, रितिका को चौथी मंजिल से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके हाथ रस्सी से बंधे थे। गले में भी दुपट्टा कसा था।