Read in App


• Thu, 6 May 2021 2:45 pm IST


उत्तराखंड में अब 13 जिलों में 315 इलाके सील, यहां भूलकर भी न जाएं


कोरोना की दूसरी लहर तूफान बनकर आगे बढ़ रही है। राज्य में बुधवार को 24 घंटे के भीतर रिकॉर्ड 7783 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमण रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने पूर्ण लॉकडाउन के बजाय मिनी लॉकडाउन पर भरोसा जताया है। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर के संपूर्ण जिला क्षेत्र में कोविड कर्फ्यू लगाया गया है। प्रदेश के 13 जिलों में 315 इलाके सील किए गए हैं।

देहरादून में 60 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां शहर में 43 इलाके सील हैं। जबकि विकासनगर में 6 कंटेनमेंट जोन हैं। ऋषिकेश में सुमन विहार, ग्राम श्यामपुर समेत 5 कंटेनमेंट जोन हैं। डोईवाला और कालसी में दो-दो कंटेनमेंट जोन हैं। त्यूनी और चकराता में भी दो कंटेनमेंट जोन हैं।

अब हरिद्वार जिले का हाल जान लेते हैं। यहां रुड़की में चार इलाके सील हैं। हरिद्वार शहर में 5 और भगवानपुर में दो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। नैनीताल में कुल 61 कंटेनमेंट जोन हैं। हल्द्वानी में 56, नैनीताल में 2 और रामनगर में 2 कंटेनमेंट जोन हैं।

पहाड़ी जिलों में पौड़ी के कोटद्वार में 07 इलाके सील हैं। चाकीसैंण में एक कंटेनमेंट जोन है। पौड़ी में 3 और श्रीनगर में 3 इलाके सील हैं। उत्तरकाशी में भी स्थिति बिगड़ रही है। यहां 60 कंटेनमेंट जोन हैं। भटवाड़ी में 42, बड़कोट में 10 और पुरोला में 05 इलाके सील हैं। जोशियाड़ा में 3 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।

ऊधमसिंहनगर जिले में 66 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां रुद्रपुर में 54, काशीपुर में 4 और सितारगंज में 7 इलाके सील हैं। गदरपुर में एक कंटेनमेंट जोन है।