Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 4 Jul 2022 4:00 am IST

अपराध

जमीन हथियाने की थी मंशा, दबंगों ने आदिवासी महिला को जिंदा जलाया, 80 % झुलसी


मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना इलाके के धनोरिया गांव में एक आदिवासी महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, जमीन कब्जाने को लेकर महिला को 3 आरोपियों ने महिला को आग के हवाले कर दिया। 

वहीं आग की चपेट में आकर महिला लगभग 70 से 80 फीसदी झुलस गई। फिलहाल महिला को गंभीर हालत में भोपाल रेफर कर दिया गया है। पीड़िता के पति अर्जुन ने बताया है कि, गांव के ही निवासी हनुमत, प्रताप और श्याम किरार उनकी जमीन पर कब्जा करने के लिए दबाव बना रहे हैं। बीती शाम पता चला कि, आरोपी जमीन की जुताई कर रहे हैं। जिसके बाद उसकी पत्नी आदिवासी महिला रामप्यारी खेत पर पहुंची। और विरोध करने पर आरोपियों ने महिला पर डीजल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। 

जब तक पीड़िता का पति अर्जुन खेत पर पहुंचता तब तक महिला काफी झुलस चुकी थी। और आरोपी हनुमत, प्रताप और श्याम किरार और तीनों की पत्नियां भाग गए। आनन-फानन में पीड़ित महिला के पति ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। 
फिलहाल मामले को लेकर गुना एसपी पंकज श्रीवास्तव का कहना है कि, पीड़ित महिला के पति अर्जुन सहरिया की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। और आरोपियों में से 2 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।