उत्तरकाशी : व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आए लिंक को खोलते ही एक महिला के दो खातों से डेढ़ लाख से अधिक की रकम उड़ा ली गई। पीड़ित महिला ने इस संबंध में थाना धरासू में शिकायत दर्ज कराई है।साइबर ठग हर दिन नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अब ठगों ने एक नया तरीका निकाला है। ताजा मामला धरासू थाना क्षेत्र का है। यहां पीपल मंडी निवासी एक महिला के व्हाट्सएप नंबर पर बीते 27 जून से 1 जुलाई तक लगातार कुछ लिंक आ रहे थे और महिला इन लिंक को खोल रही थी। कुछ दिन बाद महिला को पता चला कि उसके दो बैंक खातों से 1,82725 रुपये निकाल लिए गए हैं। साइबर ठगों ने अलग-अलग समय पर दोनों बैंक खातों से रुपये निकाले हैं और खरीदारी की है। महिला का व्हाट्सएप नंबर बैंक खातों से भी जुड़ा हुआ था। पीड़ित महिला ने इस संबंध में थाना धरासू में शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आईटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।