Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 29 Jul 2023 10:18 am IST


उत्तराखंड के 10 जिलों में अगस्त से शुरू होगी महिला होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया


देहरादून: होमगार्ड की भर्ती में अब लिखित परीक्षा के प्रविधान को खत्म कर दिया गया है। शारीरिक दक्षता में प्राप्त प्राप्तांकों तथा संबंधित श्रेणी के लिए नियत अधिमान अंकों के योग के आधार पर आरक्षण नियमों के तहत अंतिम मैरिट सूची बनाई जाएगी।अगस्त महीने में होने जा रही महिला होमगार्ड की भर्ती से ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में शासन ने महिला होमगार्ड के 330 पदों की भर्ती के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। प्रदेश के 10 जिलों में भर्ती प्रक्रिया तीन अगस्त से शुरू होगी, जिसमें 21 अगस्त तक आवेदन मांगे जाएंगे।इसके बाद 23 अगस्त से दस्तावेजों की जांच और एक सितंबर से फिजिकल शुरू हो जाएगा। असिस्टेंट कमांडेंट ने बताया कि महिला होमगार्ड स्वयं सेवकों की भर्ती दो चरणों में संपन्न होगी। दोनों चरणों के भर्ती के लिए विज्ञापन एक साथ निकाले जाएंगे। प्रथम चरण में टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर, द्वितीय चरण में चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जनपदों की भर्ती होगी। तीन अगस्त को विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। एक सितंबर 2023 से प्रथम चरण के जनपदों में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।