ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। शाहपुर के पास सरलांबे में हाईवे पर पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से उसके नीचे 17 मजदूर दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हाईवे पर निर्माण कार्य रात में चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 1:30 बजे
गर्डर मशीन 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इसके नीचे अब भी कुछ मजदूरों के दबे
होने की आशंका है। एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर सारंग कुर्वे ने बताया कि रेस्क्यू का
काम सुबह 5:30 बजे से जारी है।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान, घटना की जांच के आदेश
दरअसल, गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा सका। सुबह लगभग 8 बजे
क्रेन आने के बाद ही रेस्क्यू काम में तेजी आई। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में 15 शव लाए जा चुके
हैं। इस घटना को लेकर
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये
मुआवजा दिया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यहां पर स्विट्जरलैंड की कंपनी काम
कर रही थी। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।