पंतनगर : आजादी के 75वें साल में देश अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। यह बात राज्यसभा सांसद और पंतनगर विवि के पूर्व छात्र डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कही।बृहस्पतिवार को जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के विवेकानंद स्वाध्याय मंडल की ओर से विवेकानंद जयंती पर ‘विश्व गुरु बनने के लिए रोडमैप की कल्पना, पहचान और नवाचार : भारतीय युवाओं की क्षमता का दोहन’ विषय पर 12 दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन युवा-2023 शुरू हुआ। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि अब समय आ गया है जब भारत महाशक्ति बनने के साथ एक बार फिर विश्व गुरु बने।उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु इसलिए था क्योंकि भारत का चरित्र अलग है। आज की युवा पीढ़ी को सोच समझकर आगे बढ़नेे की जरूरत है। स्वामी विवेकानंद ने जो भविष्यवाणी की थी अब वह फलीभूत होती दिख रही है कि भारत धीरे-धीरे विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। अद्विता आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज ने कहा कि 125 वर्षों से हम देख रहे हैं कि किस प्रकार भारत स्वामी विवेकानंद के विचारों के अनुरूप चलने का प्रयत्न कर रहा है। आने वाले तीन दशक भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।