Read in App


• Mon, 10 Jun 2024 2:30 pm IST


डग्गामार वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की टीम ने चलाया अभियान, दो बसें सीज


काशीपुर में परिवहन विभाग की टीम ने फर्राटा भरतीं दो डग्गामार बसें सीज कर 35-35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इस दौरान यात्रियों ने बस में तैनात कर्मचारियों पर अभद्रता का भी आरोप लगाया है। डीएम के निर्देश पर एआरटीओ विमल पांडेय के नेतृत्व में टीम ने शनिवार देर रात ठाकुरद्वारा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। टीम सूर्या चौकी पर करीब तीन बजे ठाकुरद्वारा की ओर से तेज रफ्तार बस को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रोकने के बजाय बस दौड़ा दी। टीम ने बस का पीछा कर ढेला पुल के पास पकड़ लिया।

बस में क्षमता से अधिक सवारी बैठी मिली। यात्रियों को दूसरी बस में बैठाने के लिए एक अन्य बस को रोका गया। बस की चेकिंग की तो वह भी ओवरलोड के साथ डग्गामार पाई गई। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखाने पर बसें सीज कर जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद यात्री अन्य डिपो की बसों से गंतव्य के लिए रवाना हुए।