Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 12 Feb 2022 11:50 am IST


भारत-नेपाल सीमा सील, अंतरराष्ट्रीय झूला पुल भी हुए बंद


पिथौरागढ़ : 14 फरवरी के मतदान को लेकर 185  किमी लंबी भारत-नेपाल सीमा सील हो चुकी है। भारत-नेपाल को जोडऩे वाले अंतरराष्ट्रीय झूला पुल बंद कर दिए गए हैं। अब सीमा 15 फरवरी की सुबह खुलेगी।  जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने बताया कि इस संबंध में नेपाल के प्रशासन से वार्ता हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सीमा 14 फरवरी को मतदान की समाप्ति के बाद खुलेगी। इस दौरान सीमा पर कड़ी निगाह रखी जाएगी। मतदान सायं छह बजे तक होना है। भारत-नेपाल को जोडऩे वाले पुलों के खुलने का समय सायं पांच बजे तक ही है। जिसके चलते पुल 15 फरवरी की सुबह ही आवाजाही के लिए खुलेंगे। जिले में भारत नेपाल को जोडऩे वाले सात झूला पुल हैं। जिसमें उच्च हिमालय में गब्र्यांग के पास सीता पुल, धारचूला-तवाघाट के बीच एलागाड़, धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, ड्यौड़ा सुनखोली और झूलाघाट हैं। पुल शुक्रवार की सुबह से ही बंद कर दिए गए हैं।झूलाघाट से मिली जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की अनुमति पर दिन में 12 बजे के बाद लगभग आधे घंटे के लिए पुल खोला गया। इस दौरान भारत से 117 नेपाली नागरिक अपने देश गए।